Mithi Gobindram Public School

CBSE Affiliated & ISO Certified Senior Secondary boys School


News & Events


मेधावी छात्र पुरस्कार सम्मान समारोह

“शिक्षा ही जीवन की दिशा और दशा बदल सकती है।” – श्रद्धेय सिद्ध भाऊ जी

दिनांक 02/07/2025 को ब्रह्मलीन संत हिरदाराम साहिबजी के आशीर्वाद एवं संस्थान के प्रेरणापुंज श्रद्धेय सिद्ध भाऊ जी के पावन आशीष एवं मार्गदर्शन से शैक्षणिक-सत्र 2024-25 में अकादमिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए ‘मेधावी छात्र पुरस्कार सम्मान समारोह’ का आयोजन संत हिरदराम सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का मूल उद्देश्य उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत की भूमिका का निर्वाहन करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें संस्था के अध्यक्ष श्रद्धेय सिद्ध भाऊ जी, संस्थान सचिव श्री घनश्याम बूलचंदानी, सहसचिव केएल रामनानी एवं अभिभावकगण ने सम्मिलित होकर दीप प्रज्वलित किया।

इस अवसर पर विद्यार्थी दिव्यांश भारद्वाज ने मंत्रोच्चारण कर पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा स्वागत-गीत प्रस्तुत कर सभागार में उपस्थित सम्मानित सदस्यों का अभिवादन किया गया।

इस अवसर पर सीबीएसई बोर्ड एवं विद्यालय स्तर पर अकादमिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के प्रति नियमबद्ध होकर 100% उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
परम श्रद्धेय भाऊ जी ने अपने वक्तव्य में सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रदान की। उन्होंने कहा विद्यार्थियों ने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से जो उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं वे न केवल उनके व्यक्तिगत विकास का प्रतीक है बल्कि हमारे समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्श व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने तथा बड़े स्वप्न देखने हेतु अभिप्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपनी महत्त्वाकांक्षाओं की पूर्ति नियमित अभ्यास, लगन एवं परिश्रम से ही प्राप्त की जा सकती है। शिक्षा ही जीवन की दिशा और दशा बदल सकती है। यह आदर्श व्यक्तित्व समाज को यही प्रेरणा देते हैं।
अपने वक्तव्य में उन्होंने इस बात पर विशेष रूप से विद्यार्थियों का ध्यान आकृष्ट किया कि विद्या वह धन है जिसे कोई चुरा नहीं सकता । साथ ही साथ कठिन परिश्रम के बिना विद्या अर्जन भी नहीं की जा सकती। अतः विद्या अर्जन हेतु प्रत्येक विद्यार्थी को परिश्रमी, लगनशील एवं आत्मविश्वास से भरपूर होना होगा । वर्तमान समय का सदुपयोग ही भविष्य की सफलता को सुनिश्चित करता है। घर में माँ के हाथों से बना हुआ पौष्टिक एवं संतुलित आहार व्यक्ति को सुखद स्वास्थ प्रदान कर उसे मानसिक रुप से मजबूत बनाता है।
विद्यालय प्राचार्य श्री अजय बहादुर सिंह ने अपने स्वागत उद्बोधन द्वारा सभागार में उपस्थित सम्मानित सदस्यों का स्वागत करते हुए शैक्षणिक यात्रा के मेधावी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के परिश्रम की सराहना की तथा विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यालय परिवार के लिए आर.ओ. वॉटर प्लांट एवं शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु इंटरैक्टिव पैनल के नवीन प्रबंध पर ध्यान आकर्षित करवाया।

सीबीएसई बारहवीं बोर्ड परीक्षा में सिटी टॉपर रहे विद्यालय के छात्र कुनाल रामनानी तथा मेधावी छात्र नमन कल्याणे ने अपनी अकादमिक उत्कृष्ट सफलता का श्रेय प्रबंधन समिति, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनों का आभार विद्यालय शिक्षिका श्रीमती अंजु गोगिया द्वारा अभिव्यक्त किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती अंजु गोगिया एवं सुश्री निशा थापा द्वारा किया गया।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।